बदायूं। रमज़ान के पवित्र माह में 25वें रोज़े के अवसर पर शहर में कौमी एकता और भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से रोज़ा इफ़्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रोज़दारों के साथ पत्रकारों और सर्वसमाज के लोगों ने शिरकत कर आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की।
रविवार को शहर के लालपुल स्थित आलिमा जनाब पब्लिक स्कूल में आयोजित इस रोज़ा इफ़्तार कार्यक्रम में तय समय पर सामूहिक रूप से रोज़ा खोला गया। इसके बाद सभी मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं जेल विजिटर शमसुद्दीन शम्स ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में कौमी एकता को बढ़ावा देने वाले ऐसे कार्यक्रमों की विशेष आवश्यकता है।
आलिमा जनाब पब्लिक स्कूल के प्रबंधक वसीम अहमद खान उर्फ अर्शी ने कहा कि रमज़ान का महीना बेहद मुबारक होता है। रोज़ा इंसान को भूख और बेबसी का अहसास कराता है, जिससे व्यक्ति दूसरों के दर्द को समझता है और जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित होता है।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकार शारिक नसीरी ने सभी मेहमानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाईचारा और एकता को समर्पित इस छोटे से आयोजन में सभी की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ी है। इस अवसर पर देश में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारा कायम रहने की सामूहिक दुआ भी की गई।
इस मौके पर हाफ़िज़ मोहम्मद जैद अहमद, वरिष्ठ पत्रकार अफ़ज़ल अज़ीज़ खान, पंकज गुप्ता, पवन पाल, अरशद नसीरी, परवेज खान, सय्यद शाहिद अली, साबिर मालिक, नोमान खान, आकिल खान, शकील भारती, अमान उल्ला खान, अनवर खुर्शीद चुन्ना मियां, मुनीश, राहुल, एनपी सिंह, जुनैद, विनोद, मोअज्जम यार खान, सुरेन्द्र कुमार, अरशद समेत कई लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat