
बदायूँ | उसैत थाना क्षेत्र के रौटा गांव के पास शनिवार को एक ह्रदयविदारक हादसा हो गया। लखीमपुर खीरी से इलाज कराकर घर लौट रहे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी की सीएनजी कार में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में कार की पिछली सीट पर लेटी पत्नी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह जिंदा जल गईं। हादसे में पति भी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, उसैत निवासी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी अपनी पत्नी का इलाज कराने लखीमपुर खीरी गए थे। हाल ही में उनकी पत्नी का गॉलब्लैडर (पित्त की थैली) की पथरी का ऑपरेशन हुआ था। शनिवार को दोनों कार से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार उसैत थाना क्षेत्र के रौटा गांव के समीप पहुँची, अचानक सीएनजी किट में तकनीकी खराबी के चलते गाड़ी ने आग पकड़ ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पति गाड़ी चला रहा था, जो झुलसी हुई हालत में बाहर निकलने में कामयाब रहा। लेकिन उसकी पत्नी, जो ऑपरेशन की वजह से पिछली सीट पर लेटी हुई थीं, वह शारीरिक अक्षमता और आग की लपटों के कारण बाहर नहीं निकल सकीं और कार के भीतर ही उनकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक महिला का शरीर पूरी तरह जल चुका था।
Budaun Amarprabhat