Breaking News

धर्मेंद्र यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- ‘नारी शक्ति’ के नाम पर भ्रम फैला रही सरकार

Spread the love

बदायूं और संभल के तूफानी दौरे पर रहे सांसद, बोले- 2027 में सपा सरकार ही बचाएगी संविधान

अमर प्रभात ब्यूरो
बदायूं/बिल्सी। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, मुख्य सचेतक और सांसद धर्मेंद्र यादव ने मंगलवार को बदायूं और संभल लोकसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई निजी और राजनीतिक कार्यक्रमों में शिरकत की। बिल्सी पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया।

भाजपा के ‘झूठ’ पर कड़ा प्रहार

सांसद धर्मेंद्र यादव ने अपने संबोधन में महिला आरक्षण बिल का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा, “भाजपा यह अफवाह फैला रही है कि विपक्ष की वजह से महिला आरक्षण बिल लटका हुआ है, जबकि सच्चाई यह है कि सितंबर 2023 में यह बिल संसद में सर्वसम्मति से पास हो चुका है। समाजवादी पार्टी ने इसमें सक्रिय भूमिका निभाई थी।” उन्होंने आरोप लगाया कि इस बिल की आड़ में भाजपा ‘परिसीमन’ का षड्यंत्र रच रही थी, जिसे विपक्ष ने नाकाम कर दिया।

सपा की उपलब्धियां गिनाईं

महिलाओं के कल्याण की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया के नर-नारी समानता के सपने को नेताजी मुलायम सिंह यादव ने धरातल पर उतारा। नेताजी ने ही महिलाओं के लिए शौचालय और पंचायती राज में आरक्षण की व्यवस्था की। वहीं, अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में 1090 हेल्पलाइन, कन्या विद्याधन, लैपटॉप वितरण और ‘पढ़े बेटियां-बढ़े बेटियां’ जैसी ऐतिहासिक योजनाएं चलाकर महिलाओं को सशक्त बनाया।

घुसपैठ और सुरक्षा पर गृहमंत्री से मांगा जवाब

एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा ने बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर देश में भ्रम फैलाया। उन्होंने सवाल किया, “बिहार, बंगाल और उत्तर प्रदेश में प्रक्रिया पूरी होने के बाद गृह मंत्री बताएं कि कितने घुसपैठियों को बाहर किया गया या कैंपों में भेजा गया? यदि घुसपैठिए मिले हैं तो गृह मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।”

2027 की तैयारी का आह्वान

सांसद ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि 2024 का चुनाव संविधान बचाने का चुनाव था, जिसमें यूपी की जनता ने सपा को देश की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बनाया। अब समय आ गया है कि हम 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए एकजुट हों, ताकि बाबा साहेब के संविधान की रक्षा की जा सके।

इनके आवास पर पहुंचे सांसद

दौरे के दौरान धर्मेंद्र यादव राजू यादव, अतेंद्र पाल सिंह, मो. मियां, पूर्व विधायक मसर्रत अली उर्फ बिट्टन और सौरभ यादव के आवास पर आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक मसर्रत अली उर्फ बिट्टन, काज़ी रिज़वान, भानु प्रकाश, अवनीश यादव, फरहत अली, विपिन यादव, मोतशाम सिद्दीकी, अवधेश यादव, सोमेंद्र सिंह, जगत सिंह, मुवीन फरीदी, स्वाले चौधरी, राहुल कुर्मी, सोमेंद्र यादव, सोनू यादव, प्रभात अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

उप जिलाधिकारी श्री साई आश्रित शाख मुरी और तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने पौधे लगाए।

Spread the loveबिसौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। …

error: Content is protected !!