बिसौली। नगर पालिका सभागार में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के लिए नामित प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मंगलवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों ने प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक के उपयोग के साथ जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षक सोहेल अग्रवाल एवं प्रवीन कुमार ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है। प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप के जरिए डेटा संग्रह करेंगे। प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या से संबंधित विवरण संकलित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए स्वगणना (Self Enumeration) का विकल्प भी दिया गया है, जिसके बाद प्रगणक द्वारा सत्यापन किया जाएगा।
पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी रवि यादव के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। इस दौरान जनगणना सहायक राजीव कुमार, जितेंद्र कुमार, दीपक रस्तोगी, शरजना मिश्रा, मधुकर उपाध्याय, हरपाल सिंह, विजेंद्र कुमार, भिवानी शर्मा, हसन तनवीर इकबाल, देवेंद्र कुमार, विशाल कश्यप सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी प्रगणक निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करें, जिससे जनगणना प्रक्रिया पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
Budaun Amarprabhat