Breaking News

स्मार्ट मीटर के खिलाफ फूटा व्यापारियों का गुस्सा, बाजार में जलाई ‘सांकेतिक होली’

Spread the love

9 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा, खामियां दूर न होने पर आंदोलन की चेतावनी

बदायूं। स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटरों की खामियों को लेकर गुरुवार को शहर में व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर व्यापारियों ने प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ एवं जिलाध्यक्ष उद्योग मंच सर्वेश गुप्ता के नेतृत्व में बाजार में सांकेतिक रूप से स्मार्ट मीटर की होली जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 9 सूत्रीय मांगपत्र अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर को सौंपा गया। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर हाई पावर कमेटी गठित की गई है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूर्व में लगे स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को रियायत भी दी जा रही है।
प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ ने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना सुविधा के बजाय उपभोक्ताओं के लिए परेशानी बन गई है। जल्दबाजी में खामियों के साथ मीटर लगाए गए, जिससे आम जनता आर्थिक और मानसिक रूप से प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन को बाध्य होंगे।
जिलाध्यक्ष सर्वेश गुप्ता ने मांग रखी कि प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता समाप्त की जाए और इसे उपभोक्ता की सहमति पर ही लगाया जाए। साथ ही मीटर की 5 वर्ष की गारंटी, संचालन मैन्युअल और गारंटी कार्ड उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी ने उपभोक्ताओं के मोबाइल में मीटर ऐप इंस्टॉल कराने और सीलिंग सर्टिफिकेट मौके पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की बात कही। वहीं जिला उपाध्यक्ष रूपेंद्र सिंह लाम्बा ने मीटर जांच के लिए स्वतंत्र लैब स्थापित करने की मांग उठाई।
अन्य व्यापारियों ने नए कनेक्शन में अनियमितताओं पर रोक, बिलिंग में पारदर्शिता, पीडी कनेक्शन की जांच के बाद ही रिकवरी और पोर्टल को अधिक प्रभावी बनाने जैसी मांगें रखीं।
प्रदर्शन में दीपक सक्सेना, विनय गुप्ता, अमित वैश्य, संजीव आहूजा, दीपक वर्मा, प्रमोद गुप्ता, नरेश वर्मा, जावेद खान, राकेश गुप्ता, विशाल गुप्ता, अंशु वैश्य सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बिल्सी पुलिस की कार्रवाई, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज

Spread the loveअवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार बिल्सी पुलिस की कार्रवाई, आर्म्स …

error: Content is protected !!