छप्पन भोग, 11 कुंतल दूध से अभिषेक और भव्य भंडारे में जुटे हजारों श्रद्धालु
संवाददाता: बिल्सी
बिल्सी। गंगा सप्तमी (मोक्षदायिनी) के पावन अवसर पर कछला घाट पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम के तत्वावधान में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा घाट जयकारों से गूंज उठा।
महंत मटरुमल शर्मा महाराज एवं संकटमोचन श्री बालाजी दरबार दयालु मित्रगण सेवा समिति (गौशाला रोड, मोहल्ला संख्या 6) के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विशाल भंडारा, छप्पन भोग, जलचरों के लिए लड्डुओं का वितरण, 21 किलो देशी घी अर्पण तथा 11 कुंतल दूध से गंगा अभिषेक किया गया।
शाम 6 बजे गंगा मां को चुनरी अर्पित कर भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की विशेषता गऊ सेवा रही, जिसके तहत गौशाला के लिए पशु आहार दान किया गया। साथ ही कन्या भोज, साधु-संतों का भोजन एवं कुष्ठ आश्रम के लोगों को प्रसाद वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कछला घाट पहुंचकर महंत मटरुमल शर्मा महाराज का पटका पहनाकर सम्मान किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं महंत राजेश चन्द्र जाजू ने विधायक का स्वागत किया।
कार्यक्रम में अमित माहेश्वरी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन में आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता की अनूठी झलक देखने को मिली।
Budaun Amarprabhat