Breaking News

मदर्स डे पर बदायूं पुलिस ने बिछड़ी बेटी को मां से मिलाया

Spread the love

मदर्स डे पर बदायूं पुलिस ने बिछड़ी बेटी को मां से मिलाया

25 दिन से लापता किशोरी गाजियाबाद से पहुंची बदायूं, ऑपरेशन मुस्कान के तहत हुई कार्रवाई

सिविल लाइंस पुलिस की सतर्कता से खुला राज, परिजनों ने जताया आभार

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। मदर्स डे के मौके पर थाना सिविल लाइंस पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए करीब 25 दिन से लापता किशोरी को उसकी मां से मिलवा दिया। बेटी को सकुशल पाकर मां की आंखें खुशी से छलक उठीं, वहीं परिजनों ने बदायूं पुलिस की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।

जानकारी के अनुसार 9 मई की रात थाना सिविल लाइंस पुलिस गश्त और संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे रहमुद्दीननगर से धमई जाने वाले मार्ग पर एक करीब 15 वर्षीय किशोरी सड़क किनारे बैठी मिली। किशोरी ने अपना नाम समरीन पुत्री इस्लाम निवासी लोनी, गाजियाबाद बताया तथा पीठ और पैर में दर्द होने की बात कही।

पुलिस ने तत्काल मानवता दिखाते हुए किशोरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

अगले दिन एक महिला पुलिस चौकी शेखूपुर पहुंची और घायल किशोरी को अपनी बहन “कनक” बताया। लेकिन किशोरी और महिला के बयानों में विरोधाभास मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत पुलिस ने गहन पूछताछ की।

पूछताछ में किशोरी ने अपना सही नाम समरीन पुत्री इस्लाम निवासी थाना लोनी, गाजियाबाद बताया। वहीं महिला ने अपना नाम सीमा पत्नी गिरीश यादव बताया। सीमा ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पहले समरीन आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर मिली थी और वह उसे अपने घर ले आई थी।

इसके बाद थाना लोनी पुलिस से संपर्क किया गया तो पता चला कि समरीन 15 अप्रैल 2026 से लापता थी और इस संबंध में थाना लोनी पर गुमशुदगी दर्ज थी।

सूचना मिलने पर लोनी थाना पुलिस और समरीन की मां मैनाज बदायूं पहुंचीं। मां और बेटी ने एक-दूसरे को पहचान लिया, जिसके बाद पुलिस ने नियमानुसार किशोरी को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।

इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, चौकी प्रभारी शेखूपुर और मिशन शक्ति केंद्र टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बाल सुरक्षा समिति की बैठक में साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन की दी जानकारी

Spread the love उसावां/म्याऊं। खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार निराला की अध्यक्षता में उसावां और …