Breaking News

इस्लामनगर पुलिस के शिकंजे में बाबरिया गैंग, डकैती-लूट के दो बदमाश दबोचे

Spread the love

इस्लामनगर पुलिस के शिकंजे में बाबरिया गैंग, डकैती-लूट के दो बदमाश दबोचे

कच्छा-बनियान पहनकर देते थे वारदात को अंजाम, लूटे गए जेवर और नकदी बरामद

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूँ। इस्लामनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कस्बा इस्लामनगर और ग्राम सिठौली में हुई डकैती एवं लूट की घटनाओं का खुलासा कर बाबरिया गैंग के दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण और नकदी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 19/20 मई की रात इस्लामनगर कस्बा और ग्राम सिठौली में घरों में घुसकर मारपीट करते हुए नगदी और जेवरात लूटे गए थे। घटनाओं के संबंध में थाना इस्लामनगर पर तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर बिल्सी रोड स्थित विक्रमपुर चरसौरा तिराहे से बाबरिया गैंग के दो फरार बदमाशों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में तेजपाल उर्फ टेपाल निवासी परतापुर थाना बहजोई जनपद सम्भल तथा काले पुत्र ओमी निवासी गेशुपुर थाना सिकन्दराबाद जनपद बुलन्दशहर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक जोड़ी खड़ुआ, बच्चे के गले का तीर-कमान, टूटी हुई पाजेब, बच्चे की अंगूठी और 5500 रुपये नगद बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने गिरोह के साथ मिलकर पहले मांगने-खाने के बहाने इलाके की रेकी करते थे और फिर रात में कच्छा-बनियान पहनकर घरों में घुसकर डकैती और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी काले के खिलाफ बुलन्दशहर में चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह के नेतृत्व में थाना इस्लामनगर पुलिस टीम द्वारा की गई।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच

Spread the loveबदायूँ। जनपद में बच्चों को जानलेवा डायरिया से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य …

error: Content is protected !!