गत वर्ष की तुलना में 19.17 प्रतिशत अधिक हुई राजस्व प्राप्ति, प्रदेश में मिला 29वां स्थान
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। जनपद बदायूं में आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व संग्रहण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विभाग द्वारा गत वर्ष की तुलना में 19.17 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्त किया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आबकारी विभाग मुख्य रूप से राजस्व संग्रहण एवं अनुज्ञापन व्यवस्था के संचालन से संबंधित विभाग है तथा विभाग द्वारा कोई लाभार्थीपरक योजना संचालित नहीं की जाती है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद में देशी मदिरा की 260 दुकानें, कम्पोजिट शॉप की 77 दुकानें, मॉडल शॉप की तीन दुकानें तथा भांग की तीन दुकानें संचालित हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विभाग को 591.15 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष मार्च 2026 तक 537.40 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति की गई, जो निर्धारित लक्ष्य का 90.91 प्रतिशत है।
जिला आबकारी अधिकारी के अनुसार प्रदेश स्तर पर राजस्व प्राप्ति के मामले में जनपद बदायूं को 29वां स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 450.95 करोड़ रुपये की तुलना में इस वर्ष 86.44 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।
अधिकारियों का कहना है कि आबकारी राजस्व में हुई वृद्धि विभाग की प्रभावी कार्यप्रणाली एवं सुदृढ़ राजस्व संग्रहण व्यवस्था का परिणाम है। आगामी वित्तीय वर्ष में भी राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
Budaun Amarprabhat