Breaking News

सीएम योगी से मिले विधायक महेश गुप्ता, पार्क, स्कूल और फायर स्टेशन समेत कई मांगें रखीं

Spread the love

बदायूं शहर में सार्वजनिक पार्क बनाने व ग्रामीण क्षेत्रों में नए राजकीय हाईस्कूल खोलने का उठाया मुद्दा

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने गुरुवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर बदायूं विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और जनहित के मुद्दों को उनके समक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मांग पत्र भी सौंपे।

विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री का ध्यान बदायूं नगर में सार्वजनिक पार्क की कमी की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि जिला मुख्यालय होने के बावजूद शहर में नागरिकों के लिए पर्याप्त हरित क्षेत्र उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने जिला कारागार की खाली एवं अनुपयोगी भूमि को नगर विकास विभाग को हस्तांतरित कर वहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक पार्क विकसित कराने की मांग की। उनका कहना था कि इससे लोगों को स्वच्छ वातावरण, स्वास्थ्य लाभ और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में नए हाईस्कूल खोलने की मांग

विधायक ने विधानसभा क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में माध्यमिक शिक्षा संस्थानों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ग्राम नाई, मोहम्मद नगर सुलरा, रुखड़ा खोला, रैपुरा, ददमई और गोठा समेत कई गांवों में राजकीय हाईस्कूल नहीं होने से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को दूर जाकर पढ़ाई करनी पड़ती है। उन्होंने इन क्षेत्रों में नए राजकीय हाईस्कूल स्थापित कराने की मांग की।

दहगवां में फायर स्टेशन की आवश्यकता बताई

महेश गुप्ता ने नगर पंचायत दहगवां में अग्निशमन केंद्र स्थापित किए जाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फायर स्टेशन न होने के कारण आगजनी की घटनाओं में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित होते हैं। जनसंख्या और क्षेत्रफल को देखते हुए यहां अग्निशमन केंद्र की स्थापना आवश्यक है।

मीना समाज को प्रवासी जाति सूची में शामिल करने की मांग

विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष सामाजिक सरोकार से जुड़ा विषय भी रखा। उन्होंने राजस्थान से आकर बदायूं समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निवास कर रहे मीना समाज के लोगों को प्रवासी जाति की सूची में शामिल करने का अनुरोध किया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा उचित मांगों पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा।

विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह बदायूं विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं तथा आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

_RCB के लगातार दूसरी बार IPL 2026 जीतने के बाद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे ।_

Spread the love_RCB के लगातार दूसरी बार IPL 2026 जीतने के बाद विराट कोहली और …

error: Content is protected !!