Breaking News

न्यायालय सुरक्षा में तैनात उपनिरीक्षक का शव कमरे में मिला, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

परिजनों के संपर्क न होने पर हुई जानकारी, फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मधुबन कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे न्यायालय सुरक्षा में तैनात एक उपनिरीक्षक का शव गुरुवार को उनके कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फोरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलित कराए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक मेघ श्याम गौतम न्यायालय सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे और सिविल लाइन क्षेत्र की मधुबन कॉलोनी में किराये के कमरे में अकेले रहते थे। बताया जाता है कि परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी समय तक फोन रिसीव न होने पर उन्होंने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी।

मकान मालिक ने कमरे पर पहुंचकर आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर देखा तो उपनिरीक्षक का शव कमरे के भीतर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि न्यायालय सुरक्षा में तैनात उपनिरीक्षक मेघ श्याम गौतम का शव उनके किराये के कमरे में मिला है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों में शोक व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, वैश्य समाज ने दिया एकता का संदेश

Spread the loveउझानी। राष्ट्रीय वैश्य एकता दल (RVED) एवं समस्त वैश्य परिवार के सहयोग से …