सीतापुर। जनपद सीतापुर को ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश कार्य समिति सदस्य युवा मोर्चा शैलेश कुमार सिंह के अथक प्रयासों के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीतापुर में 250 मेगावाट क्षमता की सौलर पावर प्लांट परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। इस परियोजना को जनपद के विकास और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह महत्वाकांक्षी परियोजना रक्षा मंत्रालय की लगभग 850 एकड़ खाली पड़ी भूमि पर स्थापित की जाएगी। विशेष बात यह है कि रक्षा भूमि पर विकसित होने वाली यह देश की पहली बड़े पैमाने की सौर ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण परियोजना होगी, जो भविष्य में रक्षा क्षेत्र की अन्य सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए आदर्श मॉडल का कार्य करेगी।
बताया जाता है कि प्रदेश कार्य समिति सदस्य युवा मोर्चा शैलेश कुमार सिंह ने 1 मई 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को एक मांग पत्र सौंपकर सीतापुर में रक्षा मंत्रालय की खाली भूमि का उपयोग जनहित में सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए किए जाने की मांग की थी। मांग पत्र पर गंभीरता से विचार करते हुए रक्षा मंत्री ने परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर जनपद को एक बड़ी सौगात दी है।
परियोजना का विकास कार्य एनटीपीसी द्वारा किया जाएगा। इसके शुरू होने से उत्तर प्रदेश के विभिन्न रक्षा प्रतिष्ठानों की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और बिजली पर होने वाले खर्च में दीर्घकालिक बचत होने की संभावना है। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्यों को भी मजबूती मिलेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार सौर ऊर्जा और बैटरी ऊर्जा भंडारण तकनीक का यह संयोजन भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे रक्षा प्रतिष्ठानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी तथा हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नया मानक स्थापित होगा।
परियोजना की मंजूरी के बाद जनपद में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। शैलेश कुमार सिंह ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना सीतापुर के विकास, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
Budaun Amarprabhat