Breaking News

बिल्सी से अलीगढ़ के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Spread the love

बिल्सी। लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बरेली रोहिलखंड डिपो ने बिल्सी नगर से अलीगढ़ के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी है। नई बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। अब अलीगढ़ जाने के लिए यात्रियों को बीच रास्ते में बस बदलने की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

रोहिलखंड डिपो के एआरएम अरुण बाजपेयी ने बताया कि क्षेत्रीय जनता की मांग को देखते हुए यह बस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इस सेवा के संचालन से बिल्सी, इस्लामनगर, बहजोई, बबराला, गुन्नौर, नरौरा, अतरौली, अलीगढ़, बदायूं और बरेली के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।

जारी समय सारिणी के अनुसार बस प्रतिदिन सुबह 7 बजे बिल्सी बस स्टैंड से अलीगढ़ के लिए रवाना होगी। यह बस बहजोई और बबराला मार्ग से होते हुए दोपहर 1 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी।

वापसी में बस अलीगढ़ से दोपहर 1:30 बजे बिल्सी के लिए प्रस्थान करेगी। बिल्सी पहुंचने के बाद यह बस सीधे बरेली के लिए रवाना होगी। इसके बाद बरेली से रात 8:30 बजे चलकर 9:30 बजे बदायूं पहुंचेगी तथा रात 10 बजे बदायूं से रवाना होकर बिल्सी आएगी। बस का रात्रि विश्राम बिल्सी में होगा और अगले दिन सुबह पुनः 7 बजे अलीगढ़ के लिए रवाना होगी।

एआरएम अरुण बाजपेयी ने कहा कि सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। वहीं रोडवेज परिचालक मुनीश कुमार ने बताया कि पहले यात्रियों को अलीगढ़ जाने के लिए कई बार वाहन बदलने पड़ते थे, लेकिन अब यह समस्या समाप्त हो जाएगी।

नई बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे यात्रियों के लिए लाभदायक कदम बताया है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

स्वाइन फ्लू के मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क, सीएचसी में बांटे मास्क

Spread the loveबिल्सी में मरीजों और तीमारदारों को किया जागरूक, सावधानी बरतने की अपील बिल्सी। …