वजीरगंज। बेसिक शिक्षा परिषद और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीच हुए एमओयू के अंतर्गत, वजीरगंज स्थित ग्रीन हाउस में खंड क्षेत्र के समस्त अध्यापकों के लिए एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा वेतन खातों के लिए दी जाने वाली सुविधाओं और एसबीआई द्वारा मिलने वाले विशिष्ट लाभों की जानकारी साझा करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा और वजीरगंज के खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार सिंह उपस्थित रहे। एसबीआई के रीजनल मैनेजर रितेश प्रसाद श्रीवास्तव, चीफ मैनेजर अजीत कुमार श्रीवास्तव और मैनेजर संतोष कुमार सिन्हा ने वेतन खातों से मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैंक अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि एसबीआई हमेशा शिक्षकों के साथ खड़ा रहेगा।
बैठक के दौरान शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने बैंक सेवा को अधिक सरल बनाने का आग्रह किया। जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बैंक प्रबंधन से शिक्षकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने का अनुरोध किया। वहीं, मंत्री सलमान खान ने शाखा प्रबंधक से मांग की कि वजीरगंज क्षेत्र के अध्यापकों को बैंक कार्यों के लिए लंबी लाइनों में न लगना पड़े और उनके कार्यों का त्वरित निस्तारण किया जाए। इन मांगों पर शाखा प्रबंधक शाह अहमद ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए त्वरित समाधान का पूर्ण आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में शाखा प्रबंधक शाह अहमद द्वारा उपस्थित समस्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में वजीरगंज शाखा प्रबंधक शाह अहमद का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर विकास क्षेत्र के अध्यक्ष विनेश कुमार मिश्रा, मंत्री सलमान खान, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा, महिला उपाध्यक्ष सरिता सिंह, संयुक्त मंत्री उजैर अहमद, प्रचार मंत्री जगत वैभव श्रोत्री और अध्यक्ष चरन सिंह सहित क्षेत्र के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat