भाजपा की कार्यशैली में बूथ अध्यक्ष का स्थान सर्वोपरि : राजीव कुमार गुप्ता
बदायूँ। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के महासंग्राम का शंखनाद करते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा कल यानी 22 जुलाई बुधवार को जनपद की छहों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों का भव्य आयोजन किया जाएगा। बूथ जीता तो चुनाव जीता के मूल मंत्र के साथ आयोजित होने वाले इस महाकुंभ में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथ अध्यक्ष भाग लेंगे, जिन्हें वरिष्ठ नेताओं का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा की सांगठनिक शक्ति का आधार बूथ है और बूथ अध्यक्ष पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आगामी 2027 के चुनाव को फतह करने के लिए पार्टी ने बूथ स्तर पर अपनी कमर कस ली है। जनपद में होने वाले इन सम्मेलनों का समय और स्थान इस प्रकार निर्धारित किया गया है, जिसमेें प्रातः 10 बजे से डायट ऑडिटोरियम बदायूँ में शेखूपुर विधानसभा, प्रातः 10.30 बजे से भगवान दास पैलेस, उझानी में बिल्सी विधानसभा, प्रातः 11.30 बजे से सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बिसौली में बिसौली विधानसभा, दोपहर 12 बजे से सिंह ब्रदर्स मार्बल कॉर्नर, दातागंज में दातागंज विधानसभा, दोपहर 2 बजे से डायट ऑडिटोरियम बदायूँ में बदायूँ विधानसभा एवं दोपहर 3 बजे से प्रेम रिसॉर्ट, इस्लामनगर में सहसवान विधानसभा के कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।
इन सम्मेलनों के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता बूथ अध्यक्षों को संगठन की कार्यपद्धति, अचूक बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार, आगामी अभियानों, जनसंपर्क कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों और पार्टी द्वारा निर्धारित दायित्वों के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन देंगे। इसके साथ ही आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन और बूथों को और अधिक सक्रिय बनाने की रणनीति पर भी गंभीर चर्चा की जाएगी।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने विश्वास जताया कि वरिष्ठ भाजपा नेताओं का यह मार्गदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल बूथ की मजबूती के दम पर ही जीता जाएगा। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और हर एक बूथ की सक्रियता ही आगामी चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक विजय का मार्ग प्रशस्त करेगी।
Budaun Amarprabhat