बिसौली। जायन्ट्स ग्रुप बिसौली सिटी द्वारा मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केन्द्र में सेवा कार्य करते हुए आश्रम के दिव्यांग बच्चों के लिए एक वाशिंग मशीन भेंट की। यह सहयोग आश्रम संचालक के अनुरोध पर बच्चों के कपड़ों की नियमित धुलाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रदान की गई। इस दौरान ग्रुप के सदस्यों ने आश्रम में रह रहे मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के बीच खाद्य सामग्री का भी वितरण किया। बच्चों ने अत्यंत प्रसन्नता के साथ सभी अतिथियों का स्वागत किया और उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। ग्रुप के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया तथा उनके उज्ज्वल एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की। आश्रय गृह के संचालक एवं सचिव धर्मवीर सिंह ने जायन्ट्स ग्रुप बिसौली सिटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वाशिंग मशीन मिलने से बच्चों के कपड़ों की सफाई में काफी सुविधा होगी तथा आश्रम की दैनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों एवं सामाजिक संस्थाओं का ऐसा सहयोग सेवा कार्यों को नई ऊर्जा प्रदान करता है। इस सेवा कार्यक्रम में जायन्ट्स ग्रुप बिसौली सिटी के अध्यक्ष एड. सुमित गोयल, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, पास्ट प्रेसीडेंट अभिनव गुप्ता, चितरंजन गुप्ता, सदस्य प्रशांत गर्ग, डॉ. अंकुश गुप्ता, विपुल गोयल, नितिन अग्रवाल, युग कृष्ण गर्ग आदि सदस्य उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat