Breaking News

ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर किसानों ने निकाली यात्रा, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

Spread the love

बदायूं। राष्ट्रीय आह्वान पर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं और किसानों ने ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली। आरटीओ कार्यालय से शुरू हुई यात्रा कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

आरटीओ कार्यालय पर सुबह 11 बजे से ही किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगा झंडा लगाकर एकत्र होना शुरू हो गए। जलपान के बाद दोपहर करीब एक बजे ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा रवाना हुई। यात्रा में आगे मोटरसाइकिलें और पीछे ट्रैक्टरों की कतार चल रही थी। किसान संगठन के नारों के साथ यात्रा इस्लामिया इंटर कॉलेज पहुंची, जहां वाहनों को खड़ा कर पंचायत का आयोजन किया गया।

पंचायत की अध्यक्षता जिला संयोजक राजेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र सिंह ने किया। इस दौरान संगठन के पुराने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बदायूं और दातागंज तहसील क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी रही।

पंचायत में किसानों ने कई स्थानीय मामलों को प्रमुखता से उठाया। किसानों ने आरोप लगाया कि एक मामले में गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई, जबकि संबंधित डॉक्टर और कार चालक को छोड़ दिया गया। इसके अलावा परौली गांव में एक गरीब के मकान पर कब्जे का मामला, फैजगंज बेहटा चौराहे पर खड़ी मोटरसाइकिल के छह हजार रुपये के चालान तथा थाना उघैती से जुड़े एक रुपये के लेनदेन के मामले को भी उठाया गया।

किसान नेताओं ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और न्याय के लिए है, इसलिए पीड़ितों की शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। राष्ट्रीय स्तर के ज्ञापन में खाद-बीज, बिजली, एमएसपी गारंटी कानून सहित किसानों की विभिन्न मांगें रखी गईं। किसानों ने खाद वितरण में लागू नए नियमों को निरस्त कर आधार कार्ड और खतौनी के आधार पर खाद उपलब्ध कराने, किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने तथा विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर रोक लगाने की मांग की।

किसान नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर, कार और मोटरसाइकिल लेकर यात्रा में शामिल हुए। इसके लिए उन्होंने सभी पदाधिकारियों और किसान साथियों का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन ‘जय जवान, जय किसान’ और ‘जय टिकैत’ के नारों के साथ हुआ।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

शारदीय नवरात्र के पहले दिन प्राचीन नगला मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Spread the love मां शैलपुत्री के दर्शन को लगीं लंबी कतारें ​बदायूं। पावन शारदीय नवरात्र …