
बिल्सी। विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ के खतरे को देखते हुए बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने ग्राम नूरगंज, सरौता, कोटरा सारंगपुर तथा खजुरारा पुख्ता पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और जलभराव से जूझ रहे परिवारों से सीधा संवाद किया।
भ्रमण के दौरान विधायक ने पीड़ित ग्रामीणों का हालचाल जाना और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने लोगों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस आपदा की घड़ी में सरकार और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता से राहत कार्यों में जुटी है और किसी भी पीड़ित को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा। हर प्रभावित व्यक्ति तक तत्काल सहायता पहुंचाना ही पहली प्राथमिकता है।
विधायक हरीश शाक्य ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत सामग्री वितरण में तेजी लाई जाए और इसमें किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने जलमग्न हुई फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के भी कड़े निर्देश दिए।
इस दौरान मुनीश राघव, नत्थू वर्मा, दिनेश कुमार, अमित कुमार, जितेंद्र सिंह, संजय सक्सेना, पप्पू कश्यप, पहलवान वर्मा, सत्यपाल सिंह, जुगेंद्र सिंह, विनेश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat