उझानी। एपीएम पीजी कॉलेज उझानी के राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह की महिलाओं से संबंधित नवीन पुस्तक ‘महिलाएं, सुरक्षा एवं रोजगार’ का विमोचन बदायूं की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने किया।
पुस्तक में भारतीय महिलाओं के लिए रोजगार और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया है। डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह ने महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधी विषयों को पुस्तक के माध्यम से सामने रखने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए रूढ़िवादी सोच से बाहर निकलकर अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह को पुस्तक के विमोचन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित इस प्रकार का साहित्य महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने में सहायक होगा। इससे महिलाएं सुरक्षा और रोजगार के प्रति जागरूक होकर देश के विकास में अपना योगदान दे सकेंगी तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
एसएसपी ने डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह के महिला सशक्तिकरण से जुड़े साहित्यिक कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इससे पूर्व भी डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह ‘भारतीय महिलाएं : राजनीतिक जागरूकता एवं सामाजिक विकास’ पुस्तक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के विषय को सामने रख चुके हैं।
Budaun Amarprabhat