‘विकसित भारत युवा संवाद’ आयोजित
केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने युवाओं को किया प्रेरित
बदायूँ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा अवंतीबाई लोधी छात्रावास में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा उपस्थित रहे, जहां उन्होंने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए देश के विकास में उनकी अहम भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित यूथ आइकन मोहित शर्मा ने युवाओं से सीधे मुखातिब होते हुए राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प में युवा सहभागिता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को नवाचार, सकारात्मक सोच और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
संवाद सत्र के दौरान युवाओं को जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपने विचार रखने, सवाल पूछने और विभिन्न विषयों पर संवाद करने का अवसर मिला। केंद्रीय राज्यमंत्री ने युवाओं के सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है और उनके प्रयासों से ही भारत वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक कुमार ने किया।
समारोह के समापन पर उपस्थित सभी युवाओं एवं अतिथियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लोकतांत्रिक शपथ ग्रहण की। अंत में जिला युवा अधिकारी आदित्य सिंह ने मुख्य अतिथि, आमंत्रित वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं व गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।
Budaun Amarprabhat