छात्रों और युवाओं को पार्टी से जोड़कर दिलाई सदस्यता
बिसौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान एवं समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे समाजवादी पीडीए छात्र जागरूकता एवं सदस्यता अभियान के तहत बुधवार को 112 विधानसभा क्षेत्र बिसौली में सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में समाजवादी छात्र सभा की प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी खुशबू अली ने सदस्यता अभियान चलाया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश कोऑर्डिनेटर, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, भारत सरकार सतीश प्रेमी ने पहुंचकर छात्रों और युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतीश प्रेमी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा को रोजगार से जोड़ने तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र और नौजवान देश व प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रदेश सचिव खुशबू अली ने छात्रों से सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा शिक्षा से जुड़े अपने सुझाव देने की अपील की। जिलाध्यक्ष जाहिद गाजी ने कहा कि अभियान के माध्यम से छात्रों और युवाओं तक पार्टी के विचार एवं संदेश पहुंचाए जाएंगे।
कार्यक्रम में लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष सोमेश प्रताप सिंह, राजीव यादव, विनोद यादव, विधानसभा अध्यक्ष अंशुल यादव, अरविंद यादव, प्रिंस कुमार भट्ट, आदित्य यादव, विकास पटेल, रविंद यादव, कपिलदेव, कृष्णवीर सिंह यादव, जितेश कुमार पाल, मो. शाकिर आदि मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat