स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत थीम पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में 17 सितंबर से विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत होगी। भारतीय रेल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा और 2 से 31 अक्टूबर तक ‘स्पेशल कैम्पेन 6.0’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है।
मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में इज्जतनगर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, पार्किंग स्थलों, कार्यालयों, चिकित्सालयों, रेलवे कॉलोनियों और अनुरक्षण डिपो में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ साफ-सफाई में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत 17 और 18 सितंबर को ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा के लिए स्वच्छता’ दिवस मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गैर सरकारी संगठनों, यूनियन, एसोसिएशन तथा स्काउट-गाइड्स की सहभागिता रहेगी।
अभियान के दौरान श्रमदान और स्वच्छता शपथ कार्यक्रम होंगे। यात्रियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, बैनर, पोस्टर और स्लोगन का सहारा लिया जाएगा। साथ ही स्वच्छता की कमी से होने वाली बीमारियों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat