बदायूं। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित धरतीपुत्र श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की जयंती रविवार को बदायूं में पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर के आरफीन बारात घर में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने नेताजी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव एक बड़े दिल के सच्चे सेक्युलर नेता थे, जो देश के किसी एक वर्ग के नहीं बल्कि सभी वर्गों के सर्वमान्य नेता थे। उनकी लोकप्रियता और मिलनसार स्वभाव ही था कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, राजनीति में हर कोई नेताजी का दिल से सम्मान करता था।
आबिद रज़ा ने आगे कहा कि नेताजी जीवन भर गरीबों, मजदूरों, मजलूमों, छात्रों, किसानों और अल्पसंख्यकों की एक बेहद मजबूत आवाज बने रहे। वे सही मायनों में इन सभी वंचित तबकों के मसीहा थे, जिन्होंने सड़क से लेकर संसद तक इनके हकों की लड़ाई लड़ी। इसके साथ ही पूर्व मंत्री ने देश के रक्षा मंत्री के रूप में नेताजी के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पद पर रहते हुए राष्ट्रहित और सीमा सुरक्षा के लिए कई ऐतिहासिक और मजबूत फैसले लिए, जिन्हें देश हमेशा याद रखेगा। अंत में उपस्थित लोगों ने नेताजी के बताए मार्ग और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat