बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के आदेशानुसार संचालित विशेष अभियान ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत अपराधियों को सजा दिलाने के क्रम में बदायूं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के कुशल पर्यवेक्षण में पुलिस और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के चलते गुरुवार, 26 नवंबर को माननीय न्यायालय सीजे (जेडी) एफटीसी/जेएम कोर्ट ने आर्म्स एक्ट के एक दोषी को सजा सुनाई है।
मामला थाना सिविल लाइन से जुड़ा है, जहां वर्ष 2021 में कांशीराम कॉलोनी मारासराय निवासी बबलू पुत्र रामलड़ेते के विरुद्ध धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। इस मामले की विवेचना उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र द्वारा पूरी कर माननीय न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से इस मुकदमे को ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के अंतर्गत चिन्हित किया गया।
इसके बाद जनपद बदायूं की मॉनीटरिंग सेल, अभियोजन विभाग और पैरोकार कांस्टेबल नितिन मुकेश द्वारा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए न्यायालय में समयबद्ध और सशक्त पैरवी की गई। प्रभावी साक्ष्यों और मजबूत पैरवी के परिणामस्वरूप अदालत ने अभियुक्त बबलू को दोषसिद्ध करार देते हुए पूर्व में जेल में बिताई गई अवधि के कारावास की सजा और 2000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। न्यायालय ने आदेश दिया है कि अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में दोषी को एक सप्ताह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। इस सफल अभियोजन में लोक अभियोजक अमित कुमार, विवेचक उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र और पैरोकार कांस्टेबल नितिन मुकेश का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।
Budaun Amarprabhat