Breaking News

उपमंडी वीरमपुर भदेली में धान-बाजरा क्रय केंद्र खोलने की मांग

Spread the love

किसानों ने डीएम से मिलकर दिया प्रार्थना-पत्र

बदायूँ। जनपद के विकास खण्ड उसावां क्षेत्र के किसानों ने उपमंडी वीरमपुर भदेली में आगामी खरीफ विपणन सत्र के लिए सरकारी धान एवं बाजरा क्रय केंद्र स्थापित कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपा है।
किसानों ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि पूर्व के वर्षों में आरएफसी विभाग द्वारा उपमंडी वीरमपुर भदेली में धान एवं बाजरा क्रय केंद्र संचालित किए जाते रहे हैं। इसके चलते स्थानीय किसानों को अपनी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त होता था और बिचौलियों से मुक्ति मिलने के कारण वे आर्थिक रूप से सशक्त हुए थे।
किसानों का कहना है कि वर्तमान में यह संज्ञान में आया है कि विभाग द्वारा इस बार इस क्षेत्र में धान या बाजरा का कोई भी सरकारी खरीद केंद्र प्रस्तावित नहीं किया गया है। किसानों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते इस दिशा में कदम नहीं उठाया गया और क्रय केंद्र नहीं खोले गए, तो आगामी दिनों में किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। क्रय केंद्रों के अभाव में क्षेत्र के किसानों का बिचौलियों एवं आढ़तियों द्वारा आर्थिक शोषण किया जाएगा, जिससे उन्हें अपनी गाढ़ी मेहनत की फसल औने-पौने दामों पर बेचने के लिए विवश होना पड़ेगा। जबकि कुछ ऐसे स्थानों पर बाजरा व धान के क्रय केन्द्र स्थापित कर दिए गए हैं जहां पर कोई भी मंडी या उपमंडी भी नहीं है, जो कि नियमविरूद्ध है।
क्षेत्रीय किसानों ने जिलाधिकारी से अत्यंत विनम्रतापूर्वक मांग की है कि किसानों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं रसद विभाग की खाद्य विपणन शाखा के अंतर्गत विकास खण्ड उसावां व उपमंडी वीरमपुर भदेली क्षेत्र में अविलंब धान और बाजरा का सरकारी क्रय केंद्र स्वीकृत एवं स्थापित कराया जाए, जिससे अन्नदाताओं को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
प्रार्थना-पत्र पर बाबूराम, लालसिंह, वेदपाल, मुकेश कुमार, रामरहीश, नन्हें सिंह, छोटेलाल, हरिलाल, कल्यान सहित दर्जनों क्षेत्रीय किसानों के हस्ताक्षर एवं अंगूठा निशानी अंकित हैं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

परसिया से मनौना धाम तक निकली भव्य निशान यात्रा, बगरैन में हुआ जोरदार स्वागत

Spread the loveबगरैन। तहसील बिसौली क्षेत्र के ग्राम परसिया से खाटू श्याम के जयकारों के …