बिल्सी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के विकास खण्ड उझानी एवं विकास खण्ड अम्बियापुर परिसर में विशाल जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का विधिवत शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य ने फीता काटकर किया। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाया।
विधायक हरीश शाक्य ने दोनों ब्लॉक परिसरों में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायती राज व बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को जनता की शिकायतों व समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक हरीश शाक्य ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी की सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के मूल मंत्र पर काम कर रही है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण ही हमारी पहचान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए संकल्पित है।”
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने गर्भवती महिलाओं की परंपरागत रीति से गोद भराई कर उन्हें फल व पोषण किट वितरित की तथा स्वस्थ मातृत्व की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों को अपने हाथों से खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat