कादरचौक। थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम गढ़िया गंगवार में खेत में खड़ी बाजरे की फसल ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट करने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया है। महिला ने मामले में कार्रवाई के साथ ही पुलिस के स्तर पर की गई कार्रवाई की भी जांच कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र में गांव निवासी राजेश्वरी पत्नी राजेंद्र ने बताया कि 15 सितंबर को गांव के ही मोरपाल, अमरपाल और नन्हेलाल पुत्रगण गोदनलाल ट्रैक्टर लेकर उनके खेत पर पहुंचे और खड़ी बाजरे की फसल जुतवा दी। आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें लाठी-डंडों के बल पर डराया-धमकाया गया और खेत में सरसों की बुवाई कर दी गई।
महिला ने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत लेकर भूड़ा भदरौल चौकी पहुंचने पर मौके पर आए दो पुलिसकर्मियों ने विपक्षी पक्ष का समर्थन किया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित मोबाइल वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है।
राजेश्वरी ने एसएसपी से फसल नष्ट किए जाने के मामले में आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने तथा पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
संवाददाता शिव प्रताप सिंह
Budaun Amarprabhat