बरेली, 1 अक्टूबर। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ पखवाड़े के तहत इज्जतनगर मंडल में गुरुवार को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की भावना के साथ विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में श्रमदान कर अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर मंडल में वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, यांत्रिक डिपो, रेलवे कॉलोनियों और ट्रैक के आसपास सामूहिक श्रमदान किया गया। अभियान में रेलवे अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ उनके परिजनों, रेलवे सुरक्षा बल, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामुदायिक संगठनों ने भी भाग लिया।
यात्रियों को जागरूक करने के लिए ट्रेनों और स्टेशनों पर ‘मेरी सीट, मेरा डिब्बा’ थीम के तहत उद्घोषणाएं की गईं। यात्रियों को स्वच्छता की शपथ दिलाने के साथ पंपलेट वितरित कर रेलवे परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई।
संवाददाता गोविन्द देवल
Budaun Amarprabhat