बदायूं। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले ई-रिक्शों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शों की जांच की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम एवं यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान कुल 20 ई-रिक्शों की जांच की गई। इनमें से चार ई-रिक्शों के चालान किए गए, जबकि छह ई-रिक्शों को सीज किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
परिवहन विभाग के अनुसार स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों के पंजीयन, फिटनेस, बीमा, परमिट अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
विभाग ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की कि बच्चों को विद्यालय लाने-ले जाने के लिए वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों वाले अधिकृत वाहनों का ही प्रयोग किया जाए। विद्यालय प्रबंधन भी बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों के आवश्यक दस्तावेज और फिटनेस आदि की जांच सुनिश्चित करें।
परिवहन विभाग ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
Budaun Amarprabhat