स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान
बिसौली। कस्बा स्थित प्रतिष्ठित सिद्ध बाबा इंटर कॉलेज में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में द्वितीय एक दिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक सरोकार और अनुशासन का परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान के साथ हुई। एनएसएस के स्वयंसेवकों और सेविकाओं ने एकजुट होकर कॉलेज प्रांगण, कक्षाओं के आसपास तथा खेल के मैदान में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की। विद्यार्थियों ने श्रमदान कर न केवल परिसर को स्वच्छ बनाया, बल्कि समाज को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का प्रभावी संदेश भी दिया। यह पूरा आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनमोल उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह योजना युवाओं में सेवा-भाव, अनुशासन, समयबद्धता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों में सहभागिता करने से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित होते हैं।
शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों का संचालन कार्यक्रम अधिकारी अनमोल उपाध्याय ने किया। इस दौरान महक, रिया पाठक, नंदनी सिंह, पल्लवी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा और रचनात्मक कार्यों में सक्रिय रहने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat