बदायूँ। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अलापुर पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) बरेली की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर तस्करी करने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से 5 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी दातागंज के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मवीर सिंह यादव पुत्र ओमप्रकाश (निवासी ग्राम कुन्दननंगला, थाना अलापुर, जनपद बदायूँ) और अमित विश्वकर्मा पुत्र स्व. अनिल विश्वकर्मा (निवासी जनपद गया, बिहार) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से 5 किलो अफीम के अलावा दो मोबाइल फोन और ₹220 की नकदी भी बरामद की है।
थानाध्यक्ष सनी चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों तस्करों के खिलाफ थाना अलापुर में मु0अ0सं0 247/2026, धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क और सप्लाई चेन की कड़ियों को तलाशने में जुटी है।
Budaun Amarprabhat