
बदायूं। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत बुधवार को भामाशाह चौराहे पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सदर विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता, आरटीएम सोसायटी एनजीओ एवं बदायूं यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
जागरूकता अभियान के दौरान राहगीरों व वाहन चालकों को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट बांधने, निर्धारित गति सीमा में चलने, नशे में गाड़ी न चलाने, वाहन चलाते वक्त मोबाइल का उपयोग न करने, स्टंट बाइकिंग से बचने तथा जेब्रा क्रॉसिंग का प्रयोग करने की अपील की गई।
इसके उपरांत सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने वाले चालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधायक एवं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति एक छोटी सी सजगता अनमोल जीवन की रक्षा कर सकती है। यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
Budaun Amarprabhat