भारत की जीवन रेखा है मां गंगा : संजीव
मां गंगा की भव्य आरती कर मांगी देश की सुख-समृद्धि, दीपों से जगमगाया गंगा तट
बदायूं। मेला ककोड़ा स्थित पतित पावनी मां गंगा के पावन तट पर अखिल विश्व गायत्री परिवार और सत्योदय शिक्षा निकेतन इंटर कालेज वनगवां के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं ने श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ दीपदान कर मां गंगा की भव्य पूजा-अर्चना एवं आरती की। गंगा तट पर दीपों की जगमगाती श्रृंखला ने अलौकिक छटा बिखेर दी। दीपों की रोशनी से पूरा गंगा तट जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार और मां गंगा के जयकारों के बीच देश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और विश्व कल्याण की मंगलकामना की।
भारत स्काउट गाइड संस्था के जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मां गंगा भारत की जीवन रेखा हैं। गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि भारतीय आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक चेतना की आधारशिला हैं। गंगा जल प्रत्येक भारतीय के जीवन में पवित्रता और आस्था का प्रतीक है। मां गंगा की निर्मलता, अविरलता और पवित्रता बनाए रखना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। गंगा संरक्षण के लिए जनमानस को जागरूक होकर सामूहिक प्रयास करने चाहिए।
सत्योदय शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज वनगवां के प्रबंधक सत्येंद्र सिंह चौहान ने कहा कि जीवनदायिनी मां गंगा भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। गंगा हमारी आस्था, परंपरा और संस्कारों से जुड़ी हैं। इनकी स्वच्छता और संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी आवश्यक है।
शिक्षिका आराधना ने कहा कि मां गंगा का आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व अतुलनीय है। गंगा की आराधना के साथ उनके संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प लेना ही सच्ची सेवा है।
इस मौके पर सत्य प्रकाश शर्मा, शिव चौहान, कुलदीप सिंह चौहान, आकांक्षा, अक्षरा, राधिका, परी, अभी, आनंदी, आराध्या, सुमन, रानू, सत्यवीर सिंह मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धापूर्वक दीपदान किया। हर-हर गंगे और मां गंगे के जयकारों से गंगा तट गुंजायमान हो उठा।
Budaun Amarprabhat