महिला से जेवरात लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन और चांदी का गुच्छा बरामद वारदात में प्रयुक्त बाइक और दो अवैध तमंचे भी मिले, पुलिस ने भेजा जेल
सहसवान (बदायूं)। थाना सहसवान पुलिस ने महिला से जेवरात लूटने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए सोने की चेन, चांदी का गुच्छा, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भगता नगला निवासी कल्याण सिंह बीती 8 नवंबर को अपने चचेरे भाई नन्हें के साथ पुत्री प्रीती को उसकी ससुराल से लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर प्रीती के आभूषण लूट लिए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
गुरुवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हरदत्तपुर मार्ग स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान पठान टोला निवासी अरबाज और बजरिया निवासी अजीम के रूप में हुई। तलाशी में लूटे गए आभूषण, बाइक, दो तमंचे और दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।
Budaun Amarprabhat