भैयादूज मनाकर लौट रहे परिवार की बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर
9 माह के मासूम की मौत, दंपति गंभीर रूप से घायल
बदायूं। भैयादूज का पर्व मनाकर घर लौट रहे परिवार की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। जरीफनगर थाना क्षेत्र में दहगवां और आंतर गांव के बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में नौ माह के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जिले के गांव दता चोली बुजुर्ग निवासी शीलू कुमार अपनी पत्नी सुधा और नौ माह के बेटे रोनी के साथ सहसवान क्षेत्र के गांव बक्सर खालसा स्थित ससुराल में भैयादूज मनाने आए थे। गुरुवार दोपहर तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
सूचना पर पहुंची जरीफनगर पुलिस ने घायल दंपति को सीएचसी पहुंचाया। वहीं मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Budaun Amarprabhat