आसफपुर। आसफपुर क्षेत्र के ग्राम दबथरा निवासी होनहार युवा गजेन्द्र सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी (कांस्टेबल) भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गजेन्द्र ने प्रदेश स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा की मेरिट सूची में 1628वीं रैंक प्राप्त कर खाकी वर्दी पहनने का अपना सपना साकार किया है।
गजेन्द्र की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर हुई। उन्होंने वर्ष 2013 में त्रिवेणी सहाय इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और 2015 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए चंदौसी स्थित एस.एम. डिग्री कॉलेज से वर्ष 2021 में एम.कॉम की डिग्री हासिल की और निरंतर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे रहे।
गजेन्द्र के पिता मुरारी लाल एक उन्नतशील किसान हैं, जबकि माता शकुंतला देवी कुशल गृहिणी हैं। गजेन्द्र को पुलिस सेवा में जाने की प्रेरणा अपने बड़े भाई उपेंद्र सिंह से मिली, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर राजधानी लखनऊ में तैनात हैं। गजेन्द्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गांव और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Budaun Amarprabhat