खराब प्रगति वाली 18 परियोजनाओं पर जताई नाराजगी, संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश
बदायूँ: 16 नवम्बर। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान जनपद की विभिन्न विकासपरक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी/जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक व जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा को छात्रवृत्ति में रैंकिंग खराब होने पर चेतावनी देते हुए कारण बताओ जारी करने के निर्देश दिए हैं, वहीं डे एनआरएलएम आरएफसी की प्रगति खराब होने पर उपायुक्त एनआरएलएम के प्रति नाराजगी व्यक्त की है।
बैठक में बताया गया कि सीएम डैशबोर्ड पर विकासपरक कार्यक्रमों के अंतर्गत जनपद को 60 कार्यक्रमों में ए श्रेणी, 09 कार्यक्रमों में बी श्रेणी, 05 कार्यक्रमों में सी श्रेणी तथा 04 कार्यक्रमों में डी श्रेणी प्राप्त हुई है। वहीं 06 कार्यक्रमों की रैंकिंग नहीं की गई है। समीक्षा में बी, सी एवं डी श्रेणी प्राप्त 18 परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। इनमें डी श्रेणी की पूर्वदशम छात्रवृत्ति (पिछड़ा वर्ग), सेतुओं का निर्माण, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं ओडीओपी टूलकिट योजना शामिल हैं। इनकी राज्य स्तर पर रैंकिंग क्रमशः 68, 69, 64 एवं 48 है।
इसी प्रकार सी श्रेणी में सामान्य वर्ग पूर्वदशम छात्रवृत्ति, अनुसूचित जाति पूर्वदशम छात्रवृत्ति, नई सड़कों का निर्माण, पूर्वदशम छात्रवृत्ति (अल्पसंख्यक) तथा फैमिली आईडी योजना शामिल हैं। इनकी राज्य स्तर पर रैंकिंग क्रमशः 27, 26, 69, 39 एवं 40 है। बी श्रेणी में एनआरएलएम आरएफ, जननी सुरक्षा योजना, ओडीओपी वित्त पोषण योजना, दशमोत्तर छात्रवृत्ति (अल्पसंख्यक), दशमोत्तर छात्रवृत्ति (पिछड़ा वर्ग), अनुसूचित जनजाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति, अनुसूचित जाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति, सामान्य वर्ग दशमोत्तर छात्रवृत्ति तथा निर्माण कार्य सीएमआईएस शामिल हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने खराब प्रगति वाले कार्यक्रमों एवं परियोजनाओं से संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कार्यों में सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित कार्ययोजना के सापेक्ष कार्य करें तथा अपनी-अपनी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दें। लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने महत्वपूर्ण परियोजनाओं की मासिक प्रगति रिपोर्ट का संबंधित अभिलेखों से मिलान करने के बाद ही सही एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए। गलत रिपोर्ट भेजने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्यों के साथ-साथ उनका सत्यापन भी सुनिश्चित करने को कहा। कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए तथा सभी परियोजनाओं में गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। कार्यों में लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat