कादरचौक। रुहेलखंड के मिनी कुंभ कहे जाने वाले ऐतिहासिक ‘मेला ककोड़ा’ के आगाज से ठीक एक दिन पहले सोमवार को कादरचौक क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आई। थाना कादरचौक के ठीक गेट के सामने मुख्य चौराहे पर सुबह 9 बजे से 10 बजे तक भीषण जाम लगा रहा, जिससे चौराहे से जुड़ने वाले चारों प्रमुख मार्गों— उसहैत, उझानी, कादरगंज और बदायूं रोड पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं।
गंगा तट पर 17 नवंबर से शुरू हो रहे मेला ककोड़ा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और तंबुओं का सामान लेकर जाने वाले वाहन इसी मुख्य मार्ग से होकर गुजर रहे हैं। सुबह वाहनों का दबाव बढ़ते ही कादरचौक चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। जाम में फंसे वाहन चालकों ने बताया कि वे पिछले दो घंटे से एक ही स्थान पर फंसे हुए हैं और रेंग-रेंग कर आगे बढ़ने को मजबूर हैं, जिससे श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस भीषण जाम की सबसे बड़ी वजह सड़क किनारे फैला अवैध अतिक्रमण है। लोगों के अनुसार, ब्लॉक गेट के ठीक सामने खोखा संचालकों ने अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे मुख्य सड़क काफी संकरी हो गई है।सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम थाना कादरचौक के गेट के ठीक सामने घटित हुआ।
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घंटों तक चौराहा जाम रहने के बावजूद पुलिस यातायात व्यवस्था संभालने और जाम खुलवाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई। मेला ककोड़ा के मद्देनजर यातायात सुगम रखने के प्रशासनिक दावों की पहले ही दिन पोल खुलती दिखाई दी।
Budaun Amarprabhat