— मीना बाजार और खिलौनों की दुकानों भारी भीड़, गंगा तट पर आस्था और भक्ति का सैलाब
बदायूं : सनातन संस्कृति का प्रतीक मिनी कुंभ मेला ककोड़ा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। कई दिनों से मेले में डेरा जमाए श्रद्धालु अब अपने-अपने घरों को लौटने लगे हैं। रेत की सफेद चादर पर बसा तंबुओं का विशाल शहर धीरे-धीरे उजड़ने लगा है, लेकिन आस्था और श्रद्धा का प्रवाह अब भी निरंतर बना हुआ है। मेले के पश्चिमी छोर पर कुर्मियान मेला और बरेली मेला क्षेत्र में रह रहे श्रद्धालुओं ने अपने अधिकांश तंबू उखाड़ लिए हैं। बावजूद इसके, नए श्रद्धालुओं का आगमन जारी है। लगातार श्रद्धालु निजी वाहनों, बैलगाड़ियों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, मोटरसाइकिलों और टेंपो से ककोड़ा मेला पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर, मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद मेले में जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
कार्तिक पूर्णिमा के तीसरे दिन भी गंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने मां गंगा की निर्मल धारा में डुबकी लगाई, और हर हर गंगे के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद गंगा आरती, हवन, कथाएं और भंडारे आयोजित किए। कई श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार भी गंगा तट पर संपन्न कराए। मेले में दान और धर्म का भाव भी चरम पर रहा। श्रद्धालुओं ने गरीबों और असहाय लोगों को कपड़े, भोजन और दक्षिणा दी। कन्याओं को पूरी-सब्जी, दही, जलेबी और खीर का प्रसाद वितरित किया गया। आस्था के इस महासंगम में सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था भी सुदृढ़ रही। पुलिस फोर्स मेले में पूरी तरह तैनात रही और मुख्य मार्गों पर चौकसी बढ़ाई गई। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अस्थायी अस्पतालों में डॉक्टरों की टीमें दिन-रात सेवा में जुटी रहीं।
मीना बाजार और खाद्य स्टॉलों पर रही जबरदस्त रौनक बनी रही। दिनभर श्रद्धालु और पर्यटक मीना बाजार में खरीदारी करते नजर आए। महिलाओं ने गहने, चूड़ियां, खिलौने और साज-सज्जा का सामान खरीदा, जबकि बच्चों ने खिलौने, गुड़िया से चेहरे खिल उठे। जलेबी, खजला, पकौड़ी, चाऊमीन, बर्गर, टिक्की और समोसा की खुशबू ने पूरे मेला परिसर को सुगंधित कर दिया। झूलों पर भी बच्चों और युवाओं की जबरदस्त भीड़ रही। मेला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव करवाया ताकि धूल न उड़े। सफाई कर्मी लगातार गंगा तट और मेला परिसर की सफाई में लगे रहे। ग्रामीण अंचलों से आए श्रद्धालुओं ने घरेलू उपयोग की वस्तुएं जैसे बक्से, अलमारियां, सिलबट्टे, बेलन, और सजावटी सामान खरीदे। वहीं महिलाएं अपने बालों के लिए साज-सज्जा के सामान खरीदती नजर आईं। मेले में अब भी आस्था की लहर थमी नहीं है। एक ओर कुछ श्रद्धालु अपने तंबू समेटकर घर लौट रहे हैं, तो दूसरी ओर नए श्रद्धालु गंगा स्नान और मां गंगा के दर्शन के लिए लगातार पहुंच रहे हैं।
ककोड़ा धाम में इन दिनों आस्था, भक्ति, सेवा और सामाजिक सद्भाव का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
Budaun Amarprabhat