बदायूं। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा-2026 में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुगम आवागमन और सड़क सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और प्रवेश मार्गों पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
मेले में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली, सरकारी बसों और निजी बसों के लिए स्थान चिह्नित कर मार्किंग की गई है। इसका उद्देश्य मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करना और जाम की स्थिति से बचाव करना है।
परिवहन विभाग की ओर से यात्री वाहनों, बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों की जांच भी की जा रही है। वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
परिवहन विभाग ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित यात्रा करने और यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि मेला क्षेत्र में आवागमन सुचारु और सुरक्षित बना रहे।
Budaun Amarprabhat