नगर कुंवरगांव में दीपों की रौनक: श्रद्धा, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाई गई दीपावली
कुंवरगांव नगर प्रकाश और खुशियों का पर्व दीपावली सोमवार को कुंवरगांव नगर व आसपास के गांवों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शाम होते ही नगर दीपों की जगमगाहट से सरावोर हो उठा। लोगों ने सायं काल मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समृद्धि और सुख-शांति की कामना की।
बच्चों ने पटाखे चलाकर और रंग-बिरंगी लाइटों से घरों को सजाकर खुशियां बांटी। मुख्य बाजार से लेकर गलियों तक दीपों की श्रृंखलाएं और बिजली की रोशनी से पूरा क्षेत्र आलोकित हो उठा।
नगर कुंवरगांव में दीपावली सिर्फ रोशनी का पर्व नहीं बल्कि भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। यहां हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर मिलजुलकर त्योहार मनाते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी वेदपाल सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे। उन्होंने कस्बे में भ्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की।
पूरे क्षेत्र में दीपों की रौनक और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। नगर में इस बार भी स्वच्छता, सुरक्षा और सौहार्द की मिसाल कायम रही।
रिपोर्टर गुड्डू रस्तोगी कुंवर गांव
Budaun Amarprabhat