बदायूँ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विवेक संगल के आदेश पर आगामी 1 नवंबर को बदायूं में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर की रूपरेखा साझा करते हुए प्रभारी सचिव व अपर सिविल जज अंकित रस्तोगी ने बताया कि इस वृहद शिविर में सभी प्रशासनिक विभागों से समन्वय बनाकर पात्र लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाया जाएगा। साथ ही आमजन को कानूनी अधिकारों व नि:शुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी जाएगी।
शिविर के सफल संचालन को लेकर गुरुवार सुबह जनपद न्यायालय परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। न्यायिक शिविर समिति की अध्यक्षा व प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री रिंकू के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में विशेष न्यायाधीश (SC/ST एक्ट) राजवीर सिंह, षष्ठम अपर जिला जज ऋषि कुमार, प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी और न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम सागर तायल ने तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में न्यायिक अधिकारियों के बीच शिविर के सुचारू प्रबंधन से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
आयोजन को लेकर जिले भर में पम्पलेट, बैनर व पोस्टरों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 1 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस मेगा शिविर का लाभ उठाएं।
Budaun Amarprabhat