बदायूं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर बुधवार को जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम न्यायिक कुमार चंद्र के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विभिन्न शुल्कों में राहत देने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था व्यापारिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सरकारी बैंकों में अधिक दिनों तक कामकाज, न्यूनतम बैलेंस पर लगने वाले शुल्क समाप्त करने, चेक बाउंस होने पर शुल्क केवल चेक जारी करने वाले से लेने तथा नकदी जमा करने और निकालने पर लगने वाले कैश हैंडलिंग चार्ज को समाप्त करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में लोन और लिमिट खातों के नवीनीकरण व संपत्ति के मूल्यांकन पर होने वाले खर्च में राहत देने, एनपीए घोषित करने की अवधि तीन माह से बढ़ाकर छह माह करने तथा तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए व्यापारियों को अवसर देने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा केवाईसी की अवधि बढ़ाकर 10 वर्ष करने और विभिन्न खातों पर लगने वाले मेंटेनेंस चार्ज समाप्त करने का अनुरोध किया गया।
इस दौरान जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी, जिला उपाध्यक्ष विनय गुप्ता, सौरभ तोमर, पवन वैश्य, नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, नगर महामंत्री संजय रस्तोगी, जमील अहमद, अकमल सैफी और सौरभ गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat