संवाददाता: 
फतेहगंज पश्चिमी। सीबीएसई सृजन इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में तीन दिवसीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का सफल आयोजन स्कूल के चेयरमैन ब्रिगेडियर वी.के. सिंह एवं प्रधानाचार्य के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक डॉ. डीसी वर्मा एवं स्कूल के चेयरमैन ब्रिगेडियर वी.के. सिंह द्वारा मां सरस्वती एवं भारत के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं को सच्ची खेल भावना की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, वहीं प्रतिभागी खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट व मशाल दौड़ के माध्यम से मुख्य अतिथियों को सलामी दी।
एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतर्गत कंप्यूटर गेम, ताइक्वांडो, दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी खेलों में खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की सराहना की। वहीं स्कूल के चेयरमैन ब्रिगेडियर वी.के. सिंह ने कहा कि सृजन इंटरनेशनल स्कूल क्षेत्र का पहला और एकमात्र सीबीएसई सीनियर सेकेंडरी स्कूल है। उन्होंने बताया कि 37 वर्षों तक देश सेवा के बाद उनका दृढ़ विश्वास है कि अनुशासन, चरित्र, नैतिक आचरण और मानवीय मूल्य शिक्षा की बुनियाद होने चाहिए, विशेषकर प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए।
ब्रिगेडियर सिंह ने कहा कि फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के बच्चों को उच्चस्तरीय, मूल्य आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना उनका सपना था, जिसे सीबीएसई सीनियर सेकेंडरी मान्यता प्राप्त कर साकार किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य की बड़ी सफलताओं की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।
Budaun Amarprabhat