Breaking News

डबल मर्डर का 25 हजार का इनामी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, सिपाही और आरोपी दोनों घायल

Spread the love

बदायूं। थाना कादरचौक क्षेत्र के बखतपुर गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मंगलवार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक सिपाही और आरोपी दोनों गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कादरचौक पुलिस भदरौल तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार आरोपी वीर सिंह (45) निवासी ग्राम बखतपुर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गोली आरक्षी आकाश चौहान के बाएं हाथ में लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, छह जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (UP24X6013) बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई की रात बखतपुर गांव में वीर सिंह ने अपने भांजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद अपनी बहन संतोष देवी को भी गोली मार दी थी, जिनकी इलाज के दौरान 17 जुलाई को मौत हो गई थी। इस मामले में आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब साढ़े तीन वर्ष पहले खरीदी गई जमीन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। जमीन बेचने के दौरान भांजे और बहन द्वारा हिस्से की रकम मांगने पर उसने दोनों पर गोली चला दी थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

संवाददाता : गोविंद देवल, अमर प्रभात न्यूज़


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

जर्जर सड़क पर पलटा स्कूली बच्चों से भरा ई-रिक्शा, कई बच्चे घायल

Spread the love कादरचौक (बदायूं)। विकासखंड कादरचौक क्षेत्र के ग्राम ककोड़ा के पास जर्जर सड़क …

error: Content is protected !!