बिल्सी । शहर के मोहल्ला संख्या चार स्थित श्री संकट मोचन दरबार की ओर से एक जरूरतमंद कन्या के विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। विवाह से पूर्व सोमवार को मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मेहंदी और हल्दी की रस्म संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। इस दौरान कन्या के हाथों में मेहंदी लगाई गई और विधि-विधान से हल्दी की रस्म भी पूरी की गई। उपस्थित लोगों ने कन्या के सुखद वैवाहिक जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्री संकट मोचन दरबार के महंत संजय शर्मा ने बताया कि संस्था समय-समय पर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करती रही है। इसी क्रम में 22 जुलाई को इस कन्या का विवाह सामाजिक सहयोग से संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी ऐसे सामाजिक और पुण्य कार्यों में आगे आकर सहयोग करने की अपील की, ताकि जरूरतमंद परिवारों को संबल मिल सके।
कार्यक्रम में सर्वेश सक्सेना, प्रीति सक्सेना, मोहिनी सक्सेना, तानिया सक्सेना, मुकेश सक्सेना, कुसुम शर्मा, आयुष सक्सेना, अंजू सक्सेना, अतुल मिश्रा सहित अन्य श्रद्धालु एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat