
बदायूँ। भारतीय जनता पार्टी आगामी 22 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘बूथ अध्यक्ष सम्मेलन’ के जरिए जनपद में अपनी संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन करने की तैयारी में है। इस सम्मेलन को पार्टी की शक्ति का महाकुंभ बताते हुए नेताओं ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 18 जुलाई को जिले के सभी 30 मंडलों में विशेष तैयारी बैठकें आयोजित की जाएंगी।
भाजपा कार्यालय पर आयोजित जिला स्तरीय योजना बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ की मजबूती के आधार पर ही निरंतर शिखर पर पहुंचा है। उन्होंने कहा बूथ अध्यक्ष पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। 22 जुलाई का सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और संकल्प के संचार का माध्यम है। हमें हर बूथ पर पार्टी की रीति-नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुँचाना है।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि 18 जुलाई की मंडल स्तरीय बैठकें ही 22 जुलाई के सम्मेलन की सफलता की आधारशिला रखेंगी। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मंडल में बूथ अध्यक्षों से व्यक्तिगत संपर्क साधा जाए। डिजिटल लर्निंग पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना अनिवार्य है, ताकि संगठन और आधुनिकता का तालमेल बना रहे।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही जनहित की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में बूथ अध्यक्षों की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता और संगठन के बीच एक मजबूत सेतु बनकर काम करें और नए सदस्यों को जोड़कर बूथ को अभेद्य बनाएं।
पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने आगामी समय को भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी जिला व मंडल पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा के साथ इस सम्मेलन को सफल बनाना है। यह सम्मेलन जनपद में भाजपा के अनुशासन, समर्पण और सामूहिक शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण सिद्ध होगा।
योजना बैठक में जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह के साथ ही सभी विधानसभाओं के संयोजक, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat