बदायूं। जिले के थाना इस्लामनगर पुलिस ने डकैती के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी और आरोपी दोनों गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी रुदायन में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इस्लामनगर पुलिस बिल्सी-इस्लामनगर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान डकैती के मामले में वांछित तस्लीम उर्फ भिखारी उर्फ इमरान उर्फ इरफान निवासी डभौरा, थाना गढ़िया रंगीन, जिला शाहजहांपुर (हाल पता थाना क्योलड़िया, बरेली) को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, डकैती से संबंधित 11,220 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ 16/17 मई 2026 की रात थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव सुंदरनगर में एक घर में डकैती की थी। विरोध करने पर घर की महिला को धमकाकर उसकी चेन छीन ली थी और बक्से में रखे जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए थे। बाद में सामान आपस में बांट लिया गया था।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी की फायरिंग में कांस्टेबल आस मोहम्मद के दाहिने हाथ में गोली लगी, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर जनपदों में लूट, डकैती, हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat