बारिश से बिल्सी की सड़कों पर जलभराव, कीचड़ और बदबू से नागरिक परेशान
बिल्सी। नगर में सोमवार सुबह से लगातार हो रही बारिश ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। कई मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा। पानी के साथ कीचड़ फैल जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। गंदे पानी से उठ रही बदबू ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
नगर की पहले से जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों पर बारिश का पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालक भी ठोकर खाने और फिसलने को मजबूर हैं। कई जगह लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। नागरिकों ने नगर पालिका से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा टूटी सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।


Budaun Amarprabhat