बदायूं। राष्ट्रीय आह्वान पर मंगलवार को भारतीय किसान संगठन के बैनर तले किसानों ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रधानमंत्री के नाम 15 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। लगातार बारिश के बावजूद जिले भर से बड़ी संख्या में किसान मालवीय आवास गृह पर एकत्र हुए। किसानों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया।
बारिश के कारण किसान कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां पहले एसडीएम बिसौली ज्ञापन लेने पहुंचे। लेकिन जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि ज्ञापन केवल जिलाधिकारी को ही सौंपा जाएगा। बाद में जिलाधिकारी स्वयं पहुंचे और किसानों से ज्ञापन लेकर स्थानीय समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। उन्होंने विभिन्न मुद्दों का उल्लेख करते हुए सरकार पर किसानों और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री के नाम दिए गए 15 सूत्रीय ज्ञापन के साथ किसानों ने जिलाधिकारी को स्थानीय समस्याओं से संबंधित 6 सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा। इसमें किसानों के अंश में गड़बड़ी, खाद वितरण के कठिन नियम, सरकारी केंद्रों पर मक्का की खरीद शुरू कराने, बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच तथा सहसवान के सरकारी खरीद केंद्र पर धान और बाजरा की कथित फर्जी खरीद की जांच की मांग की गई।
ज्ञापन देने के बाद किसान संगठन के पदाधिकारी जिला पुरुष चिकित्सालय और महिला चिकित्सालय पहुंचे। वहां उन्होंने सीएमएस और सीएमओ से मुलाकात कर अस्पतालों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की। जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि अस्पतालों में भ्रष्टाचार नहीं रुका तो किसान संगठन अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष ने जिले भर से आए किसानों और संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
संवाददाता : गोविंद देवल, अमर प्रभात न्यूज़
Budaun Amarprabhat